चित्तरंजन में भारत स्काउट एंड गाइड की 50वीं डिस्ट्रिक्ट रैली का शुभारंभ, 350 बच्चों ने तंबू, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम से बांधा समां

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन के एसपी नॉर्थ स्थित स्काउट डेन परिसर में शुक्रवार को भारत स्काउट एंड गाइड की तीन दिवसीय 50वीं डिस्ट्रिक्ट रैली का भव्य शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के सैकड़ों बच्चों की मौजूदगी से पूरा परिसर अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।कार्यक्रम का उद्घाटन चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के पीसीएमएम सह भारत स्काउट एंड गाइड के अध्यक्ष एके मेश्राम ने किया। उद्घाटन से पूर्व उन्होंने स्काउट आंदोलन के संस्थापक लार्ड बीपी और लेडी बीपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने उन्हें सलामी देकर सम्मान प्रकट किया।रैली के उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विमेंस वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की कार्यकारिणी सदस्य आभा मिश्रा, भारत स्काउट एंड गाइड चित्तरंजन के डिस्ट्रिक्ट चीफ कमिश्नर डॉ. टुलु चक्रवर्ती, एपीओ बीपी नायक तथा डीसी गाइड मौशमी साहा प्रमुख रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा शानदार गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया। बच्चों की अनुशासित परेड और एकजुटता ने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया।उद्घाटन समारोह के दौरान स्काउट और गाइड के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी। परेड, मार्चपास्ट, देशभक्ति गीतों और समूह नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर अतिथियों और अभिभावकों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन की सराहना की।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एके मेश्राम ने कहा कि भारत स्काउट एंड गाइड का उद्देश्य बच्चों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को जीवन के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस रैली से अधिक से अधिक सीखने और अपने अनुभवों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।इस तीन दिवसीय रैली में चित्तरंजन के कुल छह स्काउट एवं गाइड समूह भाग ले रहे हैं। इनमें अमलादही स्काउट ग्रुप, हिल स्काउट ग्रुप, हॉस्पिटल स्काउट ग्रुप, सुंदर पहाड़ी स्काउट ग्रुप, अमलादही गाइड ग्रुप और सुंदर पहाड़ी गाइड ग्रुप शामिल हैं। इन सभी समूहों के लगभग 350 स्काउट एवं गाइड के बच्चे इस रैली में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।रैली के दौरान स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के तंबू तैयार किए गए हैं, जो कैंपिंग की पारंपरिक शैली को दर्शाते हैं। इसके साथ ही बच्चों ने कई आकर्षक क्राफ्ट भी बनाए हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता से जुड़े संदेश देखने को मिल रहे हैं। पूरे स्काउट डेन परिसर को बच्चों द्वारा बनाए गए तंबुओं और क्राफ्ट प्रदर्शनी से सजाया गया है, जो सभी के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का संचालन डीओसी स्काउट अमित शर्मा और डीओसी गाइड नेहा खातून के नेतृत्व में किया जा रहा है। दोनों के मार्गदर्शन में रैली के दौरान कई प्रशिक्षण सत्र, प्रतियोगिताएं और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।रैली के आगामी दो दिनों में स्काउट एवं गाइड के बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, कैम्पिंग अभ्यास, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, नॉट्स एंड लैशिंग, आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी और कई अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को जीवन कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।रैली के पहले दिन की सफल शुरुआत के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन और रचनात्मकता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जिम्मेदार तथा समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *