जामताड़ा। जल संरक्षण एवं जलछाजन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जामताड़ा ने एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत की है। राज्य स्तरीय जनभागदारी कप–2025 में जामताड़ा जिला को जलछाजन श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। लोहरदगा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने यह पुरस्कार उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला तकनीकी विशेषज्ञ चंदन कुमार गुप्ता एवं अभियंता संदीप कुमार को संयुक्त रूप से प्रदान किया।
उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने बताया कि जिले में पिछले पाँच वर्षों में जल संरक्षण के क्षेत्र में योजनाबद्ध और प्रभावी प्रयास किए गए हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। जलछाजन मॉडल के तहत जिले में 11 अमृत सरोवर, 44 तालाब निर्माण, 10 डोभा, 58 हेक्टेयर क्षेत्र में टीसीबी TCB कार्य, 219 हेक्टेयर में फील्ड बॉन्डिंग
तथा 02 चेकडैम का निर्माण कर जल संग्रहण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से भूजल स्तर संरक्षण, मिट्टी कटाव की रोकथाम, कृषि क्षेत्र का विस्तार और पर्यावरण संरक्षण में ठोस सफलता मिली है। पुरस्कार प्राप्ति को जामताड़ा जिले के सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतिफल बताया गया।
