जामताड़ा : जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में सोहराय महोत्सव को शानदार रूप देने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं की प्रथम बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नाजीर सोरेन ने की। जामताड़ा महाविद्यालय और जामताड़ा संध्या महिला महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 4 जनवरी 2026 को महाविद्यालय प्रांगण में दिसोम सोहराय पर्व पूरे पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित करने के लिए सोहराय कार्यकारी समिति का गठन किया गया। समिति में माजेश हेम्ब्रम को अध्यक्ष, गिदानी किस्कू को उपाध्यक्ष, सुबोजीत मुर्मू को सचिव, प्रेमलता सोरेन को उपसचिव, उमेश टुडू को कोषाध्यक्ष तथा मामता टुडू को उपकोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्रों ने बताया कि सोहराय केवल पर्व नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर है, जो समुदाय में एकता और परंपरा का संदेश देता है।
मौके पर नरसिंह सोरेन, रविलाल मुर्मू, बीबीसन मुर्मू, रिम्पा सोरेन, लमकिनी सोरेन, पुष्पा हेम्ब्रम, सोनाली मरांडी, चांदनी किस्कू, प्रेमलता सोरेन और पिंकी हांसदा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हर संभव सहयोग देने की बात कही।
सोहराय महोत्सव को लेकर छात्रों में उत्साह बढ़ गया है और तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
