मिहिजाम। मिहिजाम शहर में आगामी 21 दिसंबर, रविवार को ईसाई समुदाय की ओर से पहली बार भव्य क्रिसमस शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। शोभायात्रा अपराह्न 3 बजे निर्मल महतो मोड़ (आमोई चौक) से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों में मुख्य बाजार, स्टेशन रोड और बस स्टैंड से गुजरते हुए बादोलीगढ़ में संपन्न होगी।आयोजन समिति के अध्यक्ष सुमित राहुल आईजक ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य प्रभु यीशु मसीह के जन्म से जुड़े प्रेम, करुणा, शांति और भाईचारे के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। लंबे समय से समुदाय में यह विचार था कि क्रिसमस के आध्यात्मिक संदेश को सार्वजनिक रूप से साझा किया जाए, जिसे अब साकार किया जा रहा है।शोभायात्रा में प्रभु यीशु के जीवन से जुड़ी आकर्षक झांकियाँ, क्रॉस के प्रतीक, बाइबिल के संदेश, क्रिसमस कैरोल, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे। स्थानीय चर्चों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से 300 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति प्राप्त कर ली गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल और 50 से 60 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह शोभायात्रा सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ सभी समुदायों के लिए खुली है। सफल आयोजन के बाद इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने की योजना भी है।
मिहिजाम में पहली बार क्रिसमस की ऐतिहासिक शोभायात्रा, प्रेम और शांति का संदेश देगा ईसाई समुदाय
