बाराबनी। विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय माणिक उपाध्याय की पुण्यतिथि पर पूरा क्षेत्र श्रद्धा और सेवा भाव में डूबा नजर आया। उनके निधन की बरसी के अवसर पर बाराबनी विधानसभा के विभिन्न तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। गरीबों, श्रमिकों और वंचित वर्गों की बुलंद आवाज रहे स्व. माणिक उपाध्याय को समर्थकों ने नम आंखों से याद किया।
इस अवसर को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए सालानपुर प्रखंड तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में सामडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत पहाड़गोड़ विश्राम बूढ़ी कांटा समिति की पहल पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मां मुक्ताई चंडी मेला समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 50 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी मदद का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्व. माणिक उपाध्याय के पुत्र, बाराबनी विधायक एवं आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए इसे अपने पिता के आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि बताया। तृणमूल कांग्रेस नेता मुकुल उपाध्याय ने भी रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद कर्माध्यक्ष मोहम्मद अरमान, पंचायत समिति अध्यक्ष कैलास पति मंडल, उपाध्यक्ष विद्युत मिश्रा, सामडीह ग्राम पंचायत प्रधान अनामिका मंडल तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वपन मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्व. माणिक उपाध्याय की स्मृति को सेवा और मानवता के संदेश के साथ जीवंत किया गया।
स्व. माणिक उपाध्याय की पुण्यतिथि पर रक्तदान से जीवित हुई मानवता
