मिहिजाम। बीते दिन जामताड़ा के कायस्थ पाड़ा चौक स्थित स्वर्ण व्यवसायी अमन वर्मा पर अपराधियों द्वारा लूटपाट एवं गोली चलाने की सनसनीखेज घटना के बाद मिहिजाम के स्वर्ण व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को मिहिजाम स्वर्ण व्यवसायिक संघ ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और सुरक्षा की मांग को लेकर मिहिजाम थाना पहुंचे।संघ का एक शिष्टमंडल थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक गुलशन कुमार से मिला और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ के अध्यक्ष कपूर बर्मन ने मांग की कि स्वर्ण व्यवसायियों को अपराधियों से सुरक्षा देने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्वर्ण व्यवसायी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अध्यक्ष ने बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, तथा स्वर्ण व्यवसायियों के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू करने की मांग रखी।मिहिजाम थाना के सअनि गुलशन कुमार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए स्वर्ण व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यवसायियों को मोबाइल टाइगर सेवा एवं आपातकालीन मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता मिल सके।इस मौके पर संघ के अध्यक्ष कपूर बर्मन, उपाध्यक्ष सरवन वर्मा, सचिव अनुरंजन साव के अलावा शंकर वर्मन, वीरेंद्र पोद्दार, सुरेंद्र बर्मन, राजन बर्मन, महेश बर्मन, आकाश सोनी, संतोष बर्मन, ओम प्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में अपराध पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
जामताड़ा फायरिंग कांड के बाद मिहिजाम के स्वर्ण व्यवसायी गोलबंद, सुरक्षा की मांग को लेकर प्रतिष्ठान बंद कर थाना पहुंचे
