संवाददाता, नाला (जामताड़ा)। मध्य विद्यालय कैड़या, अंचल–गेड़िया में शनिवार को शिक्षा और संस्कारों से जुड़े एक अध्याय का भावुक समापन हुआ। विद्यालय में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक वृन्दावन महतो के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के तत्वावधान में एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय परिसर भावनाओं और कृतज्ञता के वातावरण से ओत-प्रोत रहा।कार्यक्रम में प्रखंड संसाधन सेवी नित्यानंद गोरांई, विद्यालय के पूर्व शिक्षक प्रल्हाद चन्द्र राउत एवं अर्पना सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक रुपेश कुमार दत्ता, सहायक शिक्षक कांचन कुमार यादव, विष्णु प्रसाद यादव, किशोर कुमार यादव सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और अभिभावक उपस्थित थे।वक्ताओं ने अपने संबोधन में वृन्दावन महतो के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल बच्चों को पाठ्यज्ञान दिया, बल्कि उन्हें अनुशासन, नैतिकता और जीवन मूल्यों की शिक्षा भी दी। उनका सादगीपूर्ण व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।समारोह के अंत में विद्यालय परिवार और एसएमसी की ओर से वृन्दावन महतो को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी ने उनके स्वस्थ, सक्रिय और सुखमय भविष्य की कामना की। भावनात्मक माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सम्मान और स्मृतियों के साथ शिक्षक वृन्दावन महतो को दी गई भावपूर्ण विदाई
