जामताड़ा। झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में भाजपा 5 जनवरी को जामताड़ा नगर पंचायत और 7 जनवरी को मिहिजाम नगर परिषद में धरना-प्रदर्शन करेगी। यह जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव में अनावश्यक देरी न करे और शीघ्र चुनाव प्रक्रिया शुरू करे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से नहीं बल्कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से कराए जाएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। सुमित शरण ने याद दिलाया कि पूर्व में झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर ही हुए हैं, इसलिए वर्तमान सरकार को भी उसी परंपरा का पालन करना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार राजनीतिक नुकसान के डर से दलीय चुनाव से पीछे हट रही है। भाजपा इस निर्णय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का सहारा भी लेगी। उनके अनुसार दलीय चुनाव से जनता को स्पष्ट विचारधारा और विकास का विकल्प मिलता है, जबकि निर्दलीय व्यवस्था में धनबल का प्रभाव बढ़ जाता है।धरना-प्रदर्शन की तैयारी को लेकर जामताड़ा में मोहन शर्मा और कमलेश मंडल, जबकि मिहिजाम में सुरेश राय और परिचय मंडल को प्रभारी बनाया गया है। सभी प्रभारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा का एलानिया संघर्ष, जनवरी में जामताड़ा–मिहिजाम में होगा जोरदार प्रदर्शन
