जामताड़ा। मां चंचला त्रिदिवसीय त्रयोदस वार्षिक महोत्सव 2026 को भव्य और यादगार स्वरूप देने की दिशा में आमंत्रण भक्तों के द्वार कार्यक्रम के तहत जामताड़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित कुदालखुशु में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सह मां चंचला महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उनके पहुंचते ही क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उमंग का माहौल बन गया।बैठक में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और स्थानीय भक्त शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में 16 जनवरी को निकलने वाली मां चंचला कलश शोभा यात्रा में अधिकतम सहभागिता का संकल्प लिया। साथ ही 15, 16 और 17 जनवरी को प्रत्येक घर में दीप जलाकर पूरे नगर को दीपोत्सव के रूप में सजाने का निर्णय लिया गया।बैठक के दौरान घर-घर आमंत्रण पहुंचाने, प्रचार प्रसार को व्यापक बनाने और जनभागीदारी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि मातृशक्ति के सहयोग से यह महोत्सव नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।अपने संबोधन में वीरेंद्र मंडल ने कहा कि इस वर्ष की कलश शोभा यात्रा में लगभग 40 हजार माताएं और बहनें कलश उठाएंगी। इसके लिए वार्ड स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव को राजकीय दर्जा दिलाने की अनुशंसा से शहरवासियों में खासा उत्साह है।
मां चंचला महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज, कुदालखुशु में गूंजा भक्ति का संकल्प
