हिदलजोड़ी में किशोरियों के साथ जागरूकता संवाद, स्वास्थ्य और बाल विवाह पर हुई खुली चर्चा

संवाददाता, नाला (जामताड़ा)। फुटबेड़िया पंचायत के हिदलजोड़ी गांव में जलसहिया की पहल पर किशोरियों के लिए एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता किशोरी समूह की अध्यक्ष राखी हांसदा ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक कुरीतियों के प्रति सजग करना रहा।बैठक को संबोधित करते हुए जलसहिया सावित्री सोरेन ने बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों से अपील की कि वे इस कुप्रथा से दूर रहें और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों पर भी चर्चा की तथा मासिक धर्म से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करते हुए स्वच्छता अपनाने पर जोर दिया।सावित्री सोरेन ने किशोरियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों, किशोरी समूह या संबंधित विभाग से खुलकर संवाद करना चाहिए।बैठक के दौरान किशोरियों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिस पर जलसहिया ने समाधान संबंधी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में श्वेता मुर्मू, मंजोकी मुर्मू, प्रतिमा हांसदा, मधुमिता मुर्मू सहित कई किशोरियां उपस्थित रहीं। बैठक को लेकर किशोरियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *