जामताड़ा कॉलेज में सोहराय की रंगीन छटा, मांदर की थाप पर झूमे सांसद नलिन सोरेन

जामताड़ा। जामताड़ा कॉलेज परिसर रविवार को सोहराय मिलन समारोह के पारंपरिक रंगों में पूरी तरह रंगा नजर आया। आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामूहिक उल्लास से सजा यह आयोजन बेहद भव्य रहा। समारोह में दुमका के सांसद नलिन सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कॉलेज पहुंचते ही उनका स्वागत पारंपरिक गीत-संगीत, मांदर वादन और आदिवासी नृत्य के साथ किया गया।कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत नाइकी और गुडेत द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक सोहराय गीतों और नृत्यों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। मांदर की थाप पर सांसद नलिन सोरेन के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, झामुमो नेता प्रदीप मंडल, अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू एवं सुनील कुमार हांसदा भी झूमते नजर आए।इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य कौशल ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर जामताड़ा कॉलेज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने की मांग रखी। सांसद नलिन सोरेन ने कॉलेज के समग्र विकास पर जोर देते हुए कहा कि दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रावास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार से कल्याण विभाग के माध्यम से छात्रावास निर्माण और पीजी कक्षाएं प्रारंभ कराने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।अपने संबोधन में सांसद ने सोहराय पर्व को प्रकृति, संस्कृति और सामूहिक जीवन का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। वहीं एसडीओ अनंत कुमार ने छात्रों की पहल की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने मांदर बजाकर सोहराय गीत पर नृत्य किया, जिससे समारोह यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *