जामताड़ा। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कृषि कार्यालय स्थित आत्मा सभागार में पुनः प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सभी छह प्रखंडों से पहुंचे ब्लॉक नोडल ऑफिसर, सुपरवाइजर तथा वीएलई ने भाग लेकर तकनीकी जानकारियों को दोहराया और व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।कार्यक्रम जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा जामताड़ा संजय कुमार सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र का नेतृत्व जिले के मास्टर ट्रेनर सोमन दे, गंगाधर मंडल, मनोज कोल एवं कालिदास टुडू ने किया। प्रशिक्षकों ने डिजिटल क्रॉप सर्वे से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को चरणबद्ध ढंग से समझाया। इसमें सर्वे आईडी का निर्माण, सर्वेयर को कार्य आवंटन, पूर्ण सर्वे का अनुमोदन तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से फील्ड सर्वे करने की तकनीक पर विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों को जानकारी दी गई कि जामताड़ा जिले के कुल 1203 गांवों में 12 लाख 42 हजार 36 डिजिटल क्रॉप सर्वे किए जाने हैं, जिनमें से अब तक 6937 सर्वे पूर्ण हो चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि मंगलवार से जिले के सभी छह प्रखंडों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य अभियान मोड में प्रारंभ किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम से सर्वे कार्य में गति आने के साथ साथ किसानों से जुड़े आंकड़ों का सटीक और विश्वसनीय संकलन सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई गई है।
डिजिटल खेती की दिशा में जामताड़ा को रफ्तार, क्रॉप सर्वे को लेकर अधिकारियों का पुनः प्रशिक्षण
