कुंडहित (जामताड़ा)। कुंडहित पहुंचे झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो का झामुमो कार्यकर्ताओं ने नए साल के अवसर पर गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया। थाना मोड़ से सिंचाई अतिथि आवास तक कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा और पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।स्वागत कार्यक्रम के दौरान झामुमो नेता संतोष सिन्हा ने कहा कि नए वर्ष की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष के कुंडहित आगमन से कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि रबीन्द्रनाथ महतो केवल नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अभिभावक के समान हैं। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ता शिष्टाचार, धैर्य और सहनशीलता के साथ संगठन को मजबूत करते हुए गांव गांव तक पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों को पहुंचा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र के हर कोने में चल रही विकास योजनाओं पर विधानसभा अध्यक्ष की सोच और नेतृत्व की छाप स्पष्ट नजर आती है।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने सभी कार्यकर्ताओं को नए वर्ष की शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद देते हुए क्षेत्र के विकास में सहयोग की अपेक्षा जताई।मौके पर प्रखंड अध्यक्ष ऑफिसर हेंब्रम, सचिव कुतुबुद्दीन खान, विधायक प्रतिनिधि शरम मंडल, जिला उप सचिव मनोरंजन सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जयश्वर मुर्मू, सुधीर हेंब्रम, अरूप मंडल, देवाशीष सिंह, रबीन शर्मा, भोलानाथ पाल, निमाई मंडल, गणेश फौजदार, पिंटु मंडल, सजल रक्षित, लाल्टु सिंह सहित सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नए वर्ष में कुंडहित से गूंजा स्वागत का स्वर, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो का भव्य अभिनंदन
