संगठन पर्व में फिर गूंजा सुमित शरण का नाम, भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर दोबारा ताजपोशी

जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के निर्देश पर संगठन पर्व के तहत बुधूडीह स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा की गई। चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न प्रक्रिया के बाद एक बार फिर सुमित शरण को भाजपा जामताड़ा का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। इस मौके पर पर्यवेक्षक के रूप में गिरिडीह से आईं भाजपा नेत्री पूनम प्रकाश तथा जिला चुनाव सह अधिकारी मितेश शाह विशेष रूप से मौजूद रहे।चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता ने बताया कि इससे पूर्व मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रतिनिधियों एवं जिला पदाधिकारियों से मत संग्रह कर बंद लिफाफे में प्रदेश कार्यालय भेजा गया था। प्रदेश स्तर पर राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सभी मतों एवं संगठनात्मक परिस्थितियों की समीक्षा के उपरांत पार्टी हित में सुमित शरण के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।पर्यवेक्षक पूनम प्रकाश ने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी रही और जमीनी कार्यकर्ताओं की भावना का पूरा सम्मान किया गया। वहीं सुमित शरण ने दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद नहीं बल्कि सेवा का अवसर है और सभी के सहयोग से संगठन को और मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, कमल गुप्ता, चंडी चरण दे, अभय सिंह, मोहन शर्मा, प्रवीण मिश्रा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन सुकुमार सर्कल तथा धन्यवाद ज्ञापन दिलीप हेंब्रम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *