रांची। राजधानी रांची के लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में शुक्रवार को न्यायिक इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण देखने को मिला, जब न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें यह शपथ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिलाई।इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी उपस्थित रहे और शपथ ग्रहण समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। शपथ के उपरांत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। इसके साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायालय के पदाधिकारी, भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।पूरे समारोह में न्याय, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति गहन सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
झारखंड उच्च न्यायालय को मिला नया नेतृत्व, न्याय के प्रति विश्वास और मजबूत, लोक भवन, रांची में मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण का गरिमामय आयोजन
