पोसोई मोड़ पर कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए जयराम महतो, जामताड़ा में संगठन विस्तार का दिया मंत्र

जामताड़ा। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सुप्रीमो एवं डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो दुमका यात्रा के दौरान जामताड़ा जिले के पोसोई मोड़ पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। यह भेंट औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठनात्मक संवाद का अवसर बनी, जिसमें कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।जामताड़ा जिला अध्यक्ष मनतोष कुमार महतो, जिला सचिव बृजेश राउत सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक जयराम महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया। संवाद के दौरान विधायक ने कहा कि समय की कमी के कारण सभी साथियों से मुलाकात संभव नहीं हो सकी, इसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आपसी समन्वय में निहित है।जयराम महतो ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान है। इसके लिए जरूरी है कि कार्यकर्ता गांव गांव, मोहल्ला मोहल्ला जाकर लोगों के सुख दुख में सहभागी बनें और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर विधायक ने दिशा निर्देश देते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे प्रत्याशियों का समर्थन करना चाहिए, जिनकी छवि साफ हो, जो जनता के बीच रहते हों और विकास के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता का भरोसा जीतने का माध्यम है।मुलाकात के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *