जामताड़ा। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमजोरा मंडल टोला में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब 26 वर्षीय विवाहिता की मौत की खबर सामने आई। मृतका की पहचान पूनम कुमारी के रूप में हुई है, जिनके पति टुनटुन मंडल रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे पूनम कुमारी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। खबर मिलने पर करीब साढ़े दस बजे मृतका के परिजन अमजोरा मंडल टोला पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी नारायणपुर थाना को दी। मृतका का मायका गिरिडीह जिले के बेजनाथपुर गांव में बताया जा रहा है।मृतका के भाई ललन मंडल ने ससुराल पक्ष पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सास उपाशी देवी और पति के मामा, जो अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं, पर संदेह जताते हुए कहा कि बहन की मौत सामान्य नहीं है। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष की भूमिका की गहन जांच होनी चाहिए।इधर, सूचना पाकर नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मातम में बदला गांव, अमजोरा मंडल टोला में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
