कर्माटांड़। प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कर्माटांड़ सकलपुर मुख्य सड़क पर एक इलेक्ट्रिक दुकान के समीप हुए हादसे में एक युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे बाद में अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।मृतक की पहचान 30 वर्षीय इकराम अंसारी उर्फ विक्रम, पिता अब्दुल हफीज, निवासी बरमुंडीह गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि इकराम अपने वाहन को गाड़ी स्टैंड में खड़ा कर सड़क किनारे पैदल जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक सोहेल अंसारी, निवासी कर्माटांड़ बस्ती, तेज गति में था। बाइक पर गाड़ी मालिक आरिफ अंसारी भी सवार था। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को धनबाद अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे में बाइक चालक सोहेल अंसारी भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसका इलाज धनबाद में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
कर्माटांड़ सकलपुर सड़क पर दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर
