जामताड़ा। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर जामताड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने प्रशासनिक दायित्व से आगे बढ़कर मानवीय रिश्तों की मिसाल पेश की। बुधवार को उन्होंने स्थानीय वृद्ध आश्रम का दौरा कर वहां निवास कर रहे बुजुर्ग महिला पुरुषों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उनके आगमन से आश्रम का वातावरण उत्सव, स्नेह और आत्मीयता से सराबोर हो उठा।एसडीओ अनंत कुमार ने बुजुर्गों के बीच तिलकुट, लड्डू, दही, मिठाइयां सहित रोजमर्रा की आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने प्रत्येक बुजुर्ग से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। यह क्षण बुजुर्गों के लिए अत्यंत भावुक रहा, जब एक प्रशासनिक अधिकारी ने परिवार के सदस्य की तरह उनके साथ समय बिताया।वृद्धजनों ने भावुक स्वर में कहा कि अधिकारी का इस तरह साथ आकर पर्व मनाना उन्हें अपनों की कमी नहीं खलने देता। उन्होंने एसडीओ को ढेरों आशीर्वाद दिए।इस अवसर पर अनंत कुमार ने कहा कि मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बुजुर्गों को समाज की धरोहर बताते हुए उनके कल्याण के लिए प्रशासन की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में आश्रम प्रबंधन ने इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
संवेदनाओं की पतंग उड़ाते एसडीओ अनंत कुमार, वृद्धाश्रम में मकर संक्रांति बनी अपनत्व का पर्व
