जामताड़ा। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती का 70वां जन्मदिवस गुरुवार को जामताड़ा जिले में उत्साह, अनुशासन और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बसपा जिला इकाई जामताड़ा की ओर से बुधुडीह स्थित पार्टी कार्यालय में विधिवत केक काटकर जन्मदिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसे पार्टी ने जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया।समारोह में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहन मायावती के सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन हितैषी विचारों को याद करते हुए उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में जिला महासचिव डॉ. कांचन गोपाल मंडल, जिला उपाध्यक्ष उमेश कुमार दास, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी परेश मरांडी, विधानसभा प्रत्याशी आरिफ अंसारी, वरिष्ठ नेता जे.डी. प्रसाद, छोटुआ मुर्मू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।वक्ताओं ने कहा कि बहन मायावती का राजनीतिक और सामाजिक जीवन शोषित, वंचित और हाशिए पर खड़े समाज के उत्थान को समर्पित रहा है। उन्होंने बहुजन समाज को आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए संगठित करने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में बसपा ने सामाजिक परिवर्तन की मजबूत बुनियाद रखी है।समारोह के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, बहुजन समाज की आवाज को बुलंद करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
बहन मायावती के 70वें जन्मदिवस पर बसपा कार्यकर्ताओं का संकल्प
