जामताड़ा। जिले के आईआरबी 01 कैम्प, झिलुआ में शुक्रवार को एक प्रेरक और गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सीजीएल परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया। ड्यूटी की जिम्मेदारियों के साथ निरंतर अध्ययन और कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल करने वाले इन जवानों की उपलब्धि को पूरे बटालियन के लिए गौरव का क्षण बताया गया।समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक जामताड़ा सह समादेष्टा आईआरबी 01 राज कुमार मेहता ने की। उन्होंने चयनित जवानों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने जवानों से आग्रह किया कि वे अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करें तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।सीजीएल 2025 में सफल जवानों में महिला आरक्षी 408 पूजा कुमारी का गृह विभाग में सहायक अनुभाग पदाधिकारी के रूप में चयन हुआ है। वहीं आरक्षी 93 अशोक कुमार यादव ऊर्जा विभाग में एएसओ बने हैं। इसके अलावा आरक्षी 362 प्रतीक कुमार और आरक्षी 139 कुमारी पूजा का चयन केंद्रीय निरीक्षक पद पर हुआ है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जवानों की यह सफलता अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में बटालियन के पुलिस उपाधीक्षक विश्वनाथ सिंह सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। समारोह उत्साह और गर्व के माहौल में संपन्न हुआ।
आईआरबी 01 झिलुआ कैम्प में सफलता का सम्मान, सीजीएल 2025 में चयनित जवानों को मिला गौरव
