पोसोई मोड़ पर आदिवासी आक्रोश, सोमा मुंडा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर घंटों सड़क जाम

जामताड़ा। जिले के गोविंदपुर साहेबगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार को पोसोई मोड़ के समीप उस समय जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया, जब आदिवासी नेता सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में देशमांझी परगना बाईसी संगठन ने जोरदार सड़क जाम किया। संगठन के जिलाध्यक्ष जगदीश मुर्मू के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य, महिला पुरुष तथा विभिन्न गांवों से आए आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए।सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन ठप कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आदिवासी समाज ने हत्या के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी सजा और फांसी देकर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की और सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो एवं नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हुसैन पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।लगभग दोपहर 2 बजे प्रशासनिक हस्तक्षेप और आपसी सहमति के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारु हो सका। इस आंदोलन में मनोज हेंब्रम, राजेश टुडू, दिलीप कुमार मुर्मू, बाबूलाल सोरेन, विश्वनाथ मरांडी, जीवन मुर्मू, बिनय मुर्मू सहित कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *