बिंदापाथर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत, चापुड़िया मोड़ फिर बना जानलेवा, ग्रामीणों में आक्रोश

जामताड़ा। बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर साहेबगंज स्टेट हाइवे पर शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा चापुड़िया मोड़ के पास शाम लगभग छह बजे घटित हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान खंतिपुर गांव निवासी रवि मंडल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रवि मंडल अपने ससुराल से पैसे लेकर बाइक से घर लौट रहा था। चापुड़िया मोड़ के समीप अचानक एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को जानकारी दी। बिंदापाथर थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित ट्रक को बागदहा क्षेत्र से जब्त कर लिया है।हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं।गौरतलब है कि मृतक का परिवार पहले से ही गहरे सदमे में है। कुछ दिन पूर्व ही उसके छोटे भाई की पत्नी की दम घुटने से मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां शोभा देवी इलाजरत हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।स्थानीय लोगों ने चापुड़िया मोड़ को अत्यंत दुर्घटनाप्रवण बताते हुए यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस व्यवस्था करने की मांग प्रशासन से की है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *