मिहिजाम। आगामी सरस्वती पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने की। इस अवसर पर मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, नगर प्रभाग निरीक्षक अब्दुल रहमान, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक तौसीफ जलीली तथा नगर प्रबंधक विजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के सफल संचालन में राजेंद्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।बैठक को संबोधित करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी पूजा समितियों एवं नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर परिषद द्वारा साफ सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर प्रभाग निरीक्षक अब्दुल रहमान ने बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पूजा समितियों से अपील की कि साउंड सिस्टम व डीजे का प्रयोग निर्धारित समय व नियंत्रित ध्वनि स्तर पर ही किया जाए।जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक तौसीफ जलीली ने गुड समरिटन (राहवीर) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है। थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान पिछले वर्ष कांगोई छठ तालाब हादसे में निस्वार्थ सेवा देने वाले केलाही गांव के गोताखोर अजीम अंसारी, हाफिजुद्दीन अंसारी, जसीम अंसारी, शाहबुद्दीन अंसारी एवं सत्तार अंसारी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बैठक में शांति समिति के सदस्य दानिश रहमान, टिंकू खान, सुरेश राय, दिनेश सिंह, संजय सिंह, अरुण दास, मंतोष महतो, साधन महतो, इम्तियाज खान, प्रकाश रजक, गुरमीत सिंह, बाबू गिरी, सत्यपाल यादव, रविन्द्र पांडे, पुना रजक, पुलु यादव, विष्णु देव मुर्मू, खुशबू कुमारी, अजित पासवान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सरस्वती पूजा को लेकर मिहिजाम थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द व सुरक्षा पर रहा विशेष जोर
