खुटाबांध डुमरिया पुल निर्माण की नींव रखी गई,कर्माटांड़ को विकास की नई राह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया शिलान्यास

कर्माटांड़। कर्माटांड़ प्रखंड के लिए एक ऐतिहासिक क्षण उस समय आया, जब खुटाबांध और डुमरिया को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित उच्च स्तरीय पुल का विधिवत शिलान्यास स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के द्वारा किया गया। दशकों से प्रतीक्षित इस पुल निर्माण की शुरुआत से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किया गया वादा आज धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह पुल केवल दो गांवों को ही नहीं, बल्कि सारठ और जामताड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी बेहतर ढंग से जोड़ने का काम करेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को नई दिशा मिलेगी। बरसात के मौसम में आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में इस परियोजना को नजरअंदाज किया गया, लेकिन वर्तमान सरकार जनहित और बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर शबाना खातून, फैयाज केसर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, जिला प्रवक्ता इरशाद उल हक़, तनवीर आलम, बीरबल अंसारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पुल बनने से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवागमन में सहूलियत मिलेगी और व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंच मिलेगी।शिलान्यास समारोह के बाद पूरे इलाके में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि खुटाबांध डुमरिया उच्च स्तरीय पुल क्षेत्र में विकास, विश्वास और जनसेवा का मजबूत आधार बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *