सांडों की भिड़ंत बनी संकट की वजह, ग्रामीणों की सजगता से कुएं से सकुशल निकला बेजुबान

नाला (जामताड़ा)। नाला प्रखंड अंतर्गत सुंदरबाड़ी गांव में रविवार को एक अप्रत्याशित घटना ने ग्रामीणों को कुछ समय के लिए चिंता में डाल दिया। अपराह्न करीब चार बजे गांव के पास दो सांडों के बीच अचानक जोरदार लड़ाई शुरू हो गई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से एक सांड फिसलकर पास स्थित खुले कुएं में गिर पड़ा। तेज आवाज और अफरा तफरी के बीच घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। किसी ने रस्सियों की व्यवस्था की तो किसी ने कुएं के पास सुरक्षा घेरा बनाया। सामूहिक प्रयास, सूझबूझ और साहस के साथ ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुएं में गिरे सांड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस मानवीय प्रयास से न केवल बेजुबान की जान बची, बल्कि गांव में राहत की सांस भी ली गई।इस सराहनीय अभियान में रोबिन साहा, गोपाल राउत, अरुण राउत, नकुल राउत, पवित्र गोराई, नेपाल राउत, मनोहर गोराई, प्रदीप राउत समेत कई ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों की एकजुटता और संवेदनशीलता की हर ओर प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *