मिहिजाम। अमोई आदिवासी टोला में सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता का एक सराहनीय दृश्य देखने को मिला, जब झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं ने असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। इस सेवा कार्य का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी एवं झामुमो के वरीय नेता आनंद सोरेन ने किया। उनके साथ केंद्रीय कमिटी सदस्य सह जामताड़ा जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव, राजन टुडू और सुरेन्द्र टुडू भी मौजूद रहे।कंबल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद महिला, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हुए। इस अवसर पर आनंद सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य लंबी लड़ाई और बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है। जल, जंगल और जमीन हमारी पहचान और जीवन का आधार हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की मूल भावना आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने में निहित है।वहीं प्रो. कैलाश प्रसाद साव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मंईया सम्मान योजना, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, अबुआ आवास, धोती साड़ी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, छात्र छात्राओं के लिए साइकिल योजना जैसी कई योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम को गरीबों के लिए अत्यंत प्रभावी बताया और कहा कि यह सरकार वास्तव में आमजन और वंचितों की सरकार है।
अमोई आदिवासी टोला में मानवता की मिसाल: जरूरतमंदों के बीच झारखंड आंदोलनकारियों ने बांटे कंबल
