कुंडहित (जामताड़ा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा एवं झालसा के मार्गदर्शन में रविवार को कुंडहित प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में विधिक सेवा एवं सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पैनल अधिवक्ता उत्तम कुमार एवं सरीता बर्मन, बीडीओ जमाले राजा, विधायक प्रतिनिधि शरम मंडल, जिला परिषद सदस्य रीना मंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल, बीएएचओ डॉ. विनय कुमार एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार, कृषि, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, मनरेगा, जेएसएलपीएस, पशुपालन एवं आवास विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। बीडीओ जमाले राजा ने शिविर की उपयोगिता बताते हुए कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराता है। पैनल अधिवक्ता उत्तम कुमार ने घरेलू हिंसा, बाल विवाह, लोक अदालत और स्थायी लोक अदालतों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान पांच प्रधानमंत्री आवास योजना लाभुकों को स्वीकृति पत्र, चार कृषि ऋण स्वीकृति पत्र, बाल विकास विभाग द्वारा दिव्यांग को व्हीलचेयर प्रदान की गई। साथ ही एक बच्चे का मुंह जूठी, एक महिला का गोद भराई तथा जेएसएलपीएस की दो महिला समूहों को 18.90 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। मौके पर कई विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कुंडहित में विधिक सेवा एवं सशक्तिकरण शिविर: घरेलू हिंसा, बाल विवाह व कानूनी अधिकारों पर लोगों को मिली सशक्त जानकारी
