जामताड़ा। जामताड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत क्षेत्र के पाण्डेडीह में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जहां लवली दुबे ने नगर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर राजनीतिक माहौल को नई दिशा दे दी। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्साह के साथ लवली दुबे के समर्थन में नारे लगाए।इस अवसर पर जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने खुलकर लवली दुबे का समर्थन करते हुए कहा कि इस बार नगर निकाय चुनाव सिंबल आधारित नहीं है, इसलिए जनता को जाति, दल या निशान से ऊपर उठकर एक मजबूत और विकासशील सोच वाले उम्मीदवार को चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्षों के कार्यकाल में सभी वार्डों में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया, जिससे जनता में असंतोष है। ऐसे में बदलाव समय की मांग बन चुका है।लवली दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि वे इस चुनाव में केवल उम्मीदवार बनकर नहीं, बल्कि नगर के एक परिवार के सदस्य के रूप में जनता के बीच आई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह चुनाव पद या कुर्सी का नहीं, बल्कि जामताड़ा नगर के उज्ज्वल भविष्य का चुनाव है। नगर के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी।उन्होंने महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे महिलाओं में नई ऊर्जा और उम्मीद जगी है तथा इस बार महिलाएं राजनीति में सक्रिय और निर्णायक भूमिका निभाएंगी। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में उन्हें समर्थन देने का संकल्प लिया।मौके पर केंद्रीय संगठन सचिव बबलू महतो, जिला सचिव बृजेश राउत, अशोक घोष, मिठू झा, गुडूलाल यादव, दीपक दास, मुकेश मेहरा, शाहिल शेख, अशलम, आकाश दुबे, रफीक, खुददुश, विजय, बापी, विशाल, राजेश महतो, रिजाउल अंसारी, प्रकाश कुमार, बापी राउत, मनतोष कुमार, गोपी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
लवली दुबे ने ठोकी ताल, जनसमर्थन और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
