जामताड़ा। जामताड़ा स्थित सीपीआईएम पार्टी कार्यालय में मंगलवार को सुबह 11 बजे सीटू की पश्चिम संथाल परगना क्षेत्र कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता चंडी दास पुरी ने की। बैठक में क्षेत्रीय कमेटी के सचिव लखन लाल मंडल ने अध्यक्ष की अनुमति से केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं स्वतंत्र फेडरेशनों के संयुक्त मंच, झारखंड द्वारा 19 जनवरी को जारी सर्कुलर की विस्तार से जानकारी दी।सचिव ने बताया कि मजदूरों, किसानों और खेतिहर श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर 12 फरवरी को देशव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया गया है, जिसमें देश के प्रमुख मजदूर संगठनों की सहभागिता रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य कमेटी के निर्णय को देखते हुए 24 जनवरी तक सभी स्थानीय विभागों एवं संस्थानों को लिखित सूचना दी जाएगी तथा 30 जनवरी से पूरे क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया जाएगा।बैठक में केंद्र सरकार की कथित कॉरपोरेट समर्थक नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए चार लेबर कोड, विभिन्न अधिनियमों और विधेयकों को जनविरोधी बताया गया। हड़ताल की मांगों में सम्मानजनक रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, किसानों को एमएसपी की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आवास की सुनिश्चित व्यवस्था प्रमुख हैं। इस हड़ताल को संयुक्त किसान मोर्चा एवं ग्रामीण मजदूर यूनियनों का भी समर्थन प्राप्त है।बैठक में प्रवीण शरण, नवल किशोर सिंह, तुलसी महतो, अशोक भंडारी, पुकु टुडू, सोनामणि किस्कू सहित देवघर, जामताड़ा, दुमका और गोड्डा जिलों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
सीटू पश्चिम संथाल परगना की अहम बैठक में 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
