जामताड़ा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल निवास, राँची में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित एट होम समारोह में इस बार झारखण्ड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को विशेष आमंत्रण दिया गया है। इसी कड़ी में जामताड़ा जिले के मिहिजाम कांगोई की रहने वाली प्रिया कुमारी का चयन किया गया है, जो कृष्णा आईटीआई की वेल्डर ट्रेड, 2024 बैच की टॉपर छात्रा रही हैं।श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार के निर्देश पर निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण द्वारा राज्य के सभी आईटीआई टॉपर छात्रों की सूची तैयार कर भेजी गई है। इसी सूची में प्रिया कुमारी का नाम शामिल होना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत और लगन का प्रतीक है, बल्कि राज्य में कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी देता है।बताया गया है कि गणतंत्र दिवस के दिन आयोजित एट होम समारोह में राज्यपाल द्वारा चयनित विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया जाएगा। प्रिया कुमारी की इस उपलब्धि से मिहिजाम सहित पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
राज्यपाल निवास में गणतंत्र दिवस समारोह पर मिहिजाम की प्रिया कुमारी को मिलेगा विशेष सम्मान
