रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया समूह ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक के साथ विशेष संवाद कर राज्य के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर रखा। ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन से हुई इस बातचीत में झारखण्ड की निवेश संभावनाओं, प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड एक युवा और ऊर्जावान राज्य है, जो अब पारंपरिक खनिज आधारित पहचान से आगे बढ़ते हुए हरित औद्योगिक विकास, स्वच्छ ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, कौशल विकास और मानव संसाधन सशक्तिकरण की दिशा में तेज़ी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि सरकार अगले 25 वर्षों के लिए ऐसा विकास मॉडल तैयार कर रही है, जो टिकाऊ, संतुलित और रोजगार सृजन पर आधारित होगा।संवाद के दौरान ब्लूमबर्ग प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि आगामी अक्टूबर में भारत में एक वैश्विक विशेष राउंडटेबल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फॉर्च्यून 500 कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व और वैश्विक नीति निर्माता शामिल होंगे। सुनीता राजन ने मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम में भाग लेने का औपचारिक निमंत्रण देते हुए झारखण्ड के विकास एजेंडे को वैश्विक नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने की इच्छा जताई।मुख्यमंत्री ने इसे झारखण्ड के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश और साझेदारी के नए अवसर खोलने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
दावोस से झारखण्ड का वैश्विक संदेश: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ब्लूमबर्ग से साझा किया 25 वर्षों का विकास रोडमैप
