ईदगाह मोड़ पर विवाद ने ली हिंसक शक्ल, बेगुनाह को लगी गोली

जामताड़ा। जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आपसी विवाद के दौरान चली गोली एक निर्दोष व्यक्ति को जा लगी। ईदगाह मोड़ पर हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, इरशाद अंसारी ईदगाह मोड़ के पास नाश्ता कर रहा था। उसी दौरान वहां पहले से चल रहे दो पक्षों के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बीच चली गोली इरशाद के गाल में लगी और पीछे गर्दन से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही घटनास्थल पर भगदड़ मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब पांच बजे से ही एक जेसीबी संचालक और थार वाहन से आए दो लोगों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी चल रही थी। समय बीतने के साथ विवाद बढ़ता गया और रात करीब आठ बजे मामला हिंसा तक पहुंच गया। इसी दौरान फायरिंग हुई, जिसमें बेगुनाह इरशाद इसकी चपेट में आ गया।घायल को आनन फानन में पहले मधुपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया। देर रात पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह विवाद दो लोगों के बीच पैसे को लेकर हुआ था और गोली चलाने के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *