सारठ में शिक्षा सुधार की ठोस पहल, विधायक की अगुवाई में विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का निर्णय

सारठ। सारठ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को उच्चतम स्तर पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में सारठ एवं पालाजोरी प्रखंड के उच्च, उच्चतर एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की संयुक्त बैठक बाभनगामा उच्च विद्यालय में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में मौजूद मूलभूत समस्याओं पर विमर्श कर उनके त्वरित समाधान की रूपरेखा तय करना रहा।बैठक में विधायक उदयशंकर सिंह के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण आवश्यक है और इसके लिए बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना अनिवार्य है।बैठक में विद्यालय परिसरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेंच-डेस्क की कमी दूर करने, प्रयोगशालाओं के नवीनीकरण, छात्राओं के लिए सेनेटरी वेंडिंग मशीन, शुद्ध पेयजल हेतु वाटर प्यूरीफायर, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे तथा हरियाली बढ़ाने के लिए बॉटनिकल गार्डन की स्थापना जैसे अहम बिंदुओं पर सहमति बनी।सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्यवाही पूर्ण कर इन सुविधाओं को बहाल करें। इस पहल से न केवल छात्रों बल्कि अभिभावकों और आगंतुकों को भी सुव्यवस्थित, सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *