नाला (जामताड़ा)। अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने गुरुवार को प्रसिद्ध देवलेश्वर धाम पहुंचकर मंदिर परिसर की अद्यतन स्थिति, विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने बाबा देवलेश्वर के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।एसडीओ ने मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिर, धर्मशाला, विश्राम गृह और मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों और पुजारियों से संवाद करते हुए रोजाना तथा सावन माह में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों, पर्यटकों की आवाजाही और उपलब्ध संसाधनों पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति की ओर से परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सुविधा की कमी का मुद्दा उठाया गया, जिस पर एसडीओ ने आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।निरीक्षण के क्रम में साफ-सफाई, धार्मिक गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन, पसंदीदा ग्रंथों की उपलब्धता और शांत वातावरण बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ। वहीं, बाबाधाम परिसर में धरनारत चिंतामणि मंडल, पुष्पू मंडल, विवेचना माजी, गायत्री अधिकारी, वंदना माजी, चंचल बाउरी, दिलीप कुमार, आलोचना मंडल और कमली देवी सहित अन्य को कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिली।इस अवसर पर बासुदेव झा, तपन कुमार झा, मंटू मोहन पाल, श्यामा पद मंडल, समीर कुमार नंदी, विजयानंद झा, दीपक कुमार ठाकुर, हाराधन कर और गौरव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
देवलेश्वर धाम में व्यवस्थाओं की समीक्षा, एसडीओ ने लिया जमीनी हालात का जायजा
