जामताड़ा में बदलाव का बिगुल: आशा गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ठोकी दावेदारी

जामताड़ा। जामताड़ा में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर शहर की सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता आशा गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी का औपचारिक ऐलान कर चुनावी माहौल को और गरमा दिया। शुक्रवार को जामताड़ा में अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने जनता के सामने अपने इरादे स्पष्ट किए।इस मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, राजा नित्य गोपाल सिंह सहित शहर के कई बुद्धिजीवी, समाजसेवी और व्यवसायी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आशा गुप्ता को समर्थन देते हुए मजबूती से चुनाव लड़ने का भरोसा जताया। वक्ताओं ने कहा कि आशा गुप्ता शिक्षित, संवेदनशील और कर्मठ महिला नेत्री हैं, जिन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।प्रेस वार्ता में आशा गुप्ता ने नगर पंचायत के समग्र विकास को लेकर 11 सूत्री विकास एजेंडा भी प्रस्तुत किया। इसमें स्वच्छ पेयजल, सड़क-नाली निर्माण, नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार, गरीबों को योजनाओं का लाभ, पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचार मुक्त नगर पंचायत की परिकल्पना शामिल है।आशा गुप्ता ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि वर्षों से जड़ जमा चुकी अव्यवस्था, भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उन्होंने एक समरस, विकसित और समान अवसरों वाले जामताड़ा के निर्माण का संकल्प दोहराया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता उनके विकास एजेंडे पर कितना भरोसा जताती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *