जामताड़ा। जामताड़ा में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में प्रेरणादायी माहौल देखने को मिला। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने जिला समाज कल्याण कार्यालय के सहयोग से बालिकाओं के अधिकारों के प्रति समाज को सचेत करने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिले के वरीय पदाधिकारियों, कर्मियों और कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने हस्ताक्षर अभियान एवं सेल्फी अभियान में सहभागिता करते हुए बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और पोषण को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय बालिका दिवस हमें बेटियों के सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण की जिम्मेदारी का एहसास कराता है। बेटा बेटी में भेदभाव मिटाकर ही हम समृद्ध समाज की नींव रख सकते हैं।उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें, उनके सपनों को संबल दें और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुँचाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता रथ ग्रामीण क्षेत्रों तक जाकर बाल लिंगानुपात में सुधार और सामाजिक मानसिकता में बदलाव का माध्यम बनेगा।इस अवसर पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता की अनूठी पहल, उपायुक्त ने दिखाई हरियाली की राह
