गणतंत्र दिवस पूर्व संध्या पर देशभक्ति की रंगारंग प्रस्तुति से सजा जामताड़ा

जामताड़ा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा के तत्वावधान में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम नगरवासियों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष सह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के अलावा सभी आमंत्रित अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन एवं रिबन काटकर किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और गरिमा का वातावरण निर्मित हो गया।इस अवसर पर बच्चों तथा स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति में राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का प्रभावी एवं सशक्त मंच संचालन शिक्षाविद डॉ डीडी भंडारी ने किया, वहीं इसकी अध्यक्षता राजा अजित कुमार सिंह ने निभाई। समारोह में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुनील बास्की, पिताश्री रामदेव मंडल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती चिन्मया सरकार, समाजसेवी बिजॉय राय, चंडी चरण भंडारी, नारायण मंडल, तपन मंडल, मौसमी चटर्जी, रौनक, शिवनंदन मंडल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।समारोह ने न केवल सांस्कृतिक समरसता को मजबूती दी, बल्कि गणतंत्र दिवस के महत्व को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *