74 वर्षीय वरिष्ठ समाजसेवी के हाथों फहराया तिरंगा, क्षत्रिय समाज ने उत्साह से मनाया गणतंत्र पर्व

चित्तरंजन। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज की चितरंजन–मिहिजाम एवं रूपनारायणपुर शाखा द्वारा रूपनारायणपुर स्थित समाज कार्यालय में गरिमामय झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता की अनुपम झलक देखने को मिली।कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित बिहार के बांका जिला निवासी, 74 वर्षीय वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त सिंचाई विभाग कर्मी कमला प्रसाद सिंह ने तिरंगा फहराया। झंडोत्तोलन के पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। जैसे ही तिरंगा फहराया गया, पूरे परिसर में वंदे मातरम और जय भारत के गगनभेदी नारे गूंज उठे।इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया गया तथा वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष रूप से हर्ष व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई।समारोह में संस्था के स्थानीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह के साथ राजेश सिंह, के.के. सिंह, गुड्डू सिंह, विवेक सिंह, पंकज सिंह, सूरज सिंह, राघव सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।पूरे कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सामाजिक संगठन जब राष्ट्रभक्ति के साथ एकजुट होते हैं, तो गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व और भी गरिमामय बन जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *