मिहिजाम नगर परिषद चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, अध्यक्ष पद के लिए कविता देवी ने ठोकी दावेदारी

मिहिजाम। झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों ने अपनी अपनी रणनीतियां बनानी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस कमेटी मिहिजाम के नगर अध्यक्ष अरुण दास की धर्मपत्नी कविता देवी ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।कविता देवी की दावेदारी सामने आते ही कार्यकर्ताओं में हलचल बढ़ गई है। पार्टी के स्थानीय नेताओं और समर्थकों के बीच इस विषय को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि कविता देवी सामाजिक कार्यों से लंबे समय से जुड़ी रही हैं और मिहिजाम क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं से भली भांति परिचित हैं। उनका कहना है कि यदि जनता का समर्थन मिला तो वे नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।कविता देवी ने साफ शब्दों में कहा कि नगर क्षेत्र में साफ सफाई, पेयजल, सड़क, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और गरीब व जरूरतमंदों से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मिहिजाम को एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर के रूप में आगे बढ़ाना उनका मुख्य लक्ष्य है। वहीं, अन्य संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में मिहिजाम नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण और स्पष्ट होंगे, लेकिन फिलहाल कविता देवी की दावेदारी ने चुनावी माहौल को नई दिशा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *