जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के केंदबोना इलाके में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार पर करारा प्रहार किया है। अवर निरीक्षक उत्पाद निखिल चंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने फ्लाई ऐस ब्रिक्स फैक्ट्री के परिसर में औचक छापेमारी कर एक संदिग्ध ट्रक को अपने कब्जे में लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।छापेमारी के दौरान ट्रक संख्या जेएच-04-वी-4321 की तलाशी ली गई, जिसमें 35 प्लास्टिक जर्किन में भरी कुल 1050 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। इसके साथ ही ट्रक से 180 एमएल की विदेशी शराब की 10 पेटियां भी जब्त की गईं, जिनमें लगभग 86 लीटर शराब पाई गई। मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।उत्पाद विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मियों एवं प्रतिनिधियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद स्प्रिट और शराब का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किया जाना था या इसे गैरकानूनी तरीके से परिवहन किया जा रहा था। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केंदबोना में उत्पाद विभाग की सख्त कार्रवाई, ईंट फैक्ट्री परिसर से स्प्रिट व विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त
