जामताड़ा। जामताड़ा नगर निकाय चुनाव अब निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ने लगा है। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन सोमवार को जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन महिला प्रत्याशियों ने अपने अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी शंखनाद कर दिया। अध्यक्ष पद की दौड़ में बबीता झा, मुक्ता मंडल और लवली दुबे ने समाहरणालय पहुंचकर विधिवत रूप से पर्चा भरा, जिससे शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।नामांकन से पूर्व तीनों प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नगर क्षेत्र में भ्रमण किया। इस दौरान जगह जगह उनका स्वागत किया गया और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नामांकन के क्रम में प्रत्याशियों ने पहले चंचला मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया, फिर जुलूस के रूप में समाहरणालय पहुंचीं। ढोल नगाड़ों और नारों के बीच समर्थकों ने अपनी अपनी प्रत्याशी के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन किया।नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। समाहरणालय परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ साथ बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जा रही थी और प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।पूरी नामांकन प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण माहौल में नामांकन कार्य जारी रहा।नगर निकाय चुनाव को लेकर अब राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशियों के नामांकन के साथ मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है, जिससे जामताड़ा की सियासत में रोमांच बढ़ना तय माना जा रहा है।
नगर पंचायत चुनाव की रणभेरी: जामताड़ा में अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदार मैदान में, नामांकन के साथ बढ़ी सियासी हलचल
