चुनावी सरगर्मी के बीच मिहिजाम में कड़ा सुरक्षा घेरा, नगर परिषद चुनाव को लेकर चार दिशाओं में चेक नाका, खुद मैदान में उतरे थाना प्रभारी

मिहिजाम। नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया है। चुनाव से पहले किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नगर की चारों दिशाओं में चेक नाका शिविर स्थापित कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस प्रशासन द्वारा निर्मल महतो चौक, हांसी पहाड़ी, अंजनी फैक्टरी और धांगुरी को रणनीतिक रूप से चयनित कर चेक नाका बनाया गया है। इन स्थानों पर आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। वाहन चालकों से आवश्यक कागजात की जांच के साथ-साथ डिक्की एवं अन्य हिस्सों की तलाशी ली जा रही है, ताकि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। विशेष रूप से अवैध शराब, नकदी और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी पर पुलिस की पैनी नजर है।मंगलवार को मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे स्वयं निर्मल महतो चौक पर पहुंचे और वाहनों को रुकवाकर जांच अभियान की निगरानी की। थाना प्रभारी की सक्रिय मौजूदगी से पुलिस बल का उत्साह बढ़ा और जांच प्रक्रिया में और अधिक सख्ती देखने को मिली।इस संबंध में थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी चेक नाकों पर लगातार जांच जारी रहेगी।पुलिस की इस सख्ती से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जबकि असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *