चित्तरंजन। सुंदर पहाड़ी ईस्ट एवं वेस्ट बिजली कार्यालय में बुधवार को सीनियर टेक्निशन ओम प्रकाश भगत के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सम्मान, स्नेह और गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें विभाग के अधिकारी एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।विदाई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय पावर हाउस के डिप्टी सीईई अंकुर कुमार जैन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में ओम प्रकाश भगत के 34 वर्षों के लंबे और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे कर्मी किसी भी विभाग की रीढ़ होते हैं, जिनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मी ओम प्रकाश भगत को माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा उपहार देकर सभी सहकर्मियों ने सम्मानित किया। भावुक माहौल में सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्य अनुभवों को साझा किया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।गौरतलब है कि ओम प्रकाश भगत ने अक्टूबर 1991 में अपनी सेवा की शुरुआत की थी और जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होकर लगभग 34 वर्षों तक विभाग को अपनी सेवाएं दीं। इस लंबे कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और अपने व्यवहार व कार्यशैली से सभी का सम्मान अर्जित किया।कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित कर्मियों ने एक साथ भोजन कर इस यादगार पल को साझा किया। समारोह में रणजीत भट्टाचार्य, मनजीत दे, अरूप दास, जितेन प्रसाद, दीपेश मंडल, प्रदीप कुमार, मिथलेश यादव सहित बड़ी संख्या में अन्य कर्मी उपस्थित थे। यह विदाई समारोह विभागीय एकता और आपसी सहयोग का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
34 वर्षों की सेवा को सलाम: सीनियर टेक्निशन ओम प्रकाश भगत का सम्मानपूर्ण विदाई समारोह संपन्न
