मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 में चुनावी सरगर्मी के बीच उस समय खास नज़ारा देखने को मिला, जब वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी सानिया परवीन को स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से सम्मानित कर अपना समर्थन जताया। यह सम्मान समारोह केवल औपचारिक नहीं, बल्कि वार्डवासियों के भरोसे और उम्मीदों का प्रतीक बनकर सामने आया।इस मौके पर वार्ड संख्या 10 के महिला-पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद रहे। लोगों की मौजूदगी और उत्साह यह साफ संकेत दे रहा था कि सानिया परवीन को लेकर वार्ड में सकारात्मक माहौल बन चुका है। सम्मान पाकर अभिभूत सानिया परवीन ने वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वार्ड संख्या 10 का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो वे बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी।बताते चलें कि सानिया परवीन, सामाजिक रूप से सक्रिय माने जाने वाले आशिफ अहमद की भतीजी हैं और उन्होंने नगर परिषद मिहिजाम के वार्ड संख्या 10 से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस दौरान आशिफ अहमद ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि आज तक वार्ड संख्या 10 में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वार्ड को एक नई सोच और नई दिशा मिले, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सानिया परवीन के पक्ष में एकजुटता दिखाई और भरोसा जताया कि युवा सोच और नई ऊर्जा के साथ वे वार्ड की तस्वीर बदलने में सक्षम होंगी। सम्मान समारोह के साथ वार्ड 10 में चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है, और सानिया परवीन का जनसंपर्क अभियान अब नई गति पकड़ता नजर आ रहा है।
जनविश्वास की माला पहनाकर बढ़ाया हौसला, वार्ड 10 में सानिया परवीन के समर्थन की दिखी मजबूत तस्वीर
