जामताड़ा। साईबर अपराध के विरुद्ध जामताड़ा पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए शातिर साईबर ठगों के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर साईबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटॉड थाना क्षेत्र में सुनियोजित छापामारी कर तीन साईबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में की गई। छापामारी करमाटॉड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर-माधोपुर में की गई, जहां विष्णु राय के आवास से साईबर ठगी में संलिप्त तीन अभियुक्तों को पकड़ा गया। टीम में पुनि मनीष कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।गिरफ्तार अभियुक्तों में भोला मंडल (22 वर्ष), ग्राम देवलबाड़ी; विष्णु राय (27 वर्ष), ग्राम रामपुर-माधोपुर तथा सरफराज अंसारी (27 वर्ष), ग्राम पतरोडीह, थाना नारायणपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन और सात फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग साईबर अपराध में किया जा रहा था।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अभियुक्त आम लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर आरटीओ ई-चालान से संबंधित एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, उसके मोबाइल से गोपनीय जानकारी चुरा ली जाती और ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम दिया जाता था।इस मामले में जामताड़ा साईबर अपराध थाना कांड संख्या 07/26 के तहत बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क देशव्यापी था। मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश की जा रही है।
जामताड़ा पुलिस का साईबर ठगों पर करारा प्रहार, एपीके फाइल ठगी गैंग का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
