मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा चुका है। चुनावी रण में उतरे प्रत्याशी मतदाताओं को साधने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 2 से पार्षद पद के प्रत्याशी अमित भद्र अपने जनसंपर्क अभियान के जरिए क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहे हैं।प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अमित भद्र ने कहा कि वार्ड संख्या 2 की सबसे बड़ी और गंभीर समस्या नालियों की बदहाल स्थिति है। विशेष रूप से अरविंदो कॉलोनी एवं उससे सटे इलाकों में नालियों में कचरा जमे रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैल जाता है, जिससे आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है।उन्होंने बताया कि जलजमाव की समस्या के चलते इलाके में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा हर समय मंडराता रहता है। अमित भद्र ने इसके लिए सीधे तौर पर नगर परिषद को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होना इस समस्या की जड़ है। यदि समय-समय पर सफाई होती तो हालात इतने खराब नहीं होते।इसके अलावा उन्होंने नगर परिषद द्वारा हाल ही में किए गए कंबल वितरण योजना पर भी सवाल उठाए। अमित भद्र ने कहा कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए कंबल वितरण एक सराहनीय पहल थी, लेकिन इसका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाया। कई गरीब और असहाय लोग आज भी इस योजना से वंचित रह गए, जो व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।अमित भद्र ने दावा किया कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वार्ड संख्या 2 में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता, पारदर्शी योजनाओं का क्रियान्वयन और जरूरतमंदों तक सरकारी लाभ पहुंचाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। चुनावी माहौल में उनके ये मुद्दे अब वार्ड में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
वार्ड नंबर 2 में बदहाली बनाम बदलाव का मुद्दा: नाली, मच्छर और कंबल वितरण को लेकर मुखर हुए प्रत्याशी अमित भद्र
