जामताड़ा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर मंगलवार को परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि एवं नगर परिषद मिहिजाम के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार भी मौजूद थे।निरीक्षण के दौरान आमबागान, पोखरतल्ला और कालीतल्ला क्षेत्र के मतदान केंद्रों में व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की उपलब्धता का जायजा लिया। परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने निर्देश दिया कि जहां भी कमी पाई गई है, उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने मतदान केंद्रों पर किए गए दीवार लेखन और निर्वाचन संबंधी सूचनाओं की भी जांच की तथा सभी जानकारियों को स्पष्ट और पूर्ण रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इस अवसर पर सिटी मैनेजर, बीएलओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है।
नगर निकाय चुनाव से पहले प्रशासन सतर्क, मिहिजाम के मतदान केंद्रों का हुआ व्यापक निरीक्षण
