मिहिजाम। नगर निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार की शाम से रात तक शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। विभिन्न वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों ने अपने चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन कर चुनावी अभियान का विधिवत आगाज़ किया। वार्ड संख्या 10 की पार्षद प्रत्याशी सानिया परवीन ने समर्थकों की मौजूदगी में अपने कार्यालय का शुभारंभ कर लोगों से जुड़ाव मजबूत करने की पहल की।वार्ड संख्या 10 में आयोजित कार्यक्रम का माहौल उत्साह और जोश से भरा रहा। चुनाव कार्यालय का उद्घाटन नूरानी बाबा उर्फ आजाद खान और हाफिज सनाउल्लाह खान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद समर्थकों ने प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए और क्षेत्र के विकास को चुनाव का मुख्य मुद्दा बताया। कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।इस मौके पर सानिया परवीन ने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना है। चुनाव कार्यालय खुलने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है। समर्थकों का उत्साह बता रहा है कि इस बार का चुनाव मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां विकास और जनसमर्थन निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
चुनावी रंग में रंगा शहर: वार्ड प्रत्याशियों ने कार्यालय खोलकर झोंकी ताकत
