मरीन ड्राइव पर भव्य शुरुआत: जमशेदपुर में 100 करोड़ के जगन्नाथ आध्यात्मिक केंद्र की रखी गई नींव

जमशेदपुर। कदमा स्थित मरीन ड्राइव, जमशेदपुर में गुरुवार को आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा धर्मेंद्र प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ।करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर पुरी की स्थापत्य शैली से प्रेरित होगा। इसका संचालन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा, जो इसे आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य करेगा।कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय और विधायक पूर्णिमा साहू समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। औद्योगिक जगत से टी. वी. नरेंद्रन (सीईओ एवं एमडी, टाटा स्टील) ने भी सहभागिता की। ट्रस्ट की ओर से मैनेजिंग ट्रस्टी एस. के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास और श्रीधर प्रधान उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज को दिशा देने के साथ मानव जीवन को भी संस्कारित करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र भविष्य में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरक स्थल बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *